तीसरी बार यूपी-उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनेगी: फैयाज अहमद
तीसरी बार यूपी-उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनेगी: फैयाज अहमद
मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड बन रहा विकसित प्रदेश, मुसलमानों से भाजपा को समर्थन की अपील
उत्तराखंड केसरी ब्यूरो | देहरादून
मुस्लिम बहुल क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता फैयाज अहमद (पसमांदा) ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेजी से विकसित प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।
फैयाज अहमद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को भयमुक्त शासन मिला है। उन्होंने दावा किया कि बिना भेदभाव के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की नीति के तहत सभी वर्गों के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ मुस्लिम समाज को भी मिल रहा है।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में अपराध, लूट, अपहरण और गुंडागर्दी आम बात थी, लेकिन वर्तमान सरकार में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और जनता सुरक्षित महसूस कर रही है।
फैयाज अहमद ने कहा कि अब मुस्लिम समाज जागरूक हो चुका है और अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय ले रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 2027 के चुनाव में मुस्लिम समाज भी भाजपा का समर्थन करेगा।
उत्तराखंड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उनकी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष ध्यान देवभूमि उत्तराखंड पर रहता है और उनके मार्गदर्शन में राज्य का तेजी से विकास हो रहा है।
फैयाज अहमद ने विपक्षी दलों—कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी—पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने मुस्लिम समाज का सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया है।
उन्होंने कहा कि अब देश का मुस्लिम समाज इन दलों से निराश हो चुका है और भाजपा के साथ खड़ा होकर तीसरी बार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा सरकार बनाने के लिए तैयार है।
