भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह पर जमकर न्योछावर हुआ बहनों का प्यार, रक्षाबंधन पर मातृशक्ति का किया सम्मान
देहरादून। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर देहरादून में आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह भावनाओं और अपनत्व से सराबोर रहा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह पर बहनों का स्नेह जमकर न्योछावर हुआ। महिलाओं ने उन्हें राखी बांधकर उनके सुखद और सफल जीवन की कामना की, वहीं कुंवर जपेंद्र सिंह ने भी मातृशक्ति के सम्मान और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मंगलवार को सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में महिला उत्थान सशक्तिकरण ट्रस्ट एवं भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित रक्षाबंधन मातृशक्ति सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मातृशक्ति ने कुंवर जपेंद्र सिंह और कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता लच्छू गुप्ता को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंवर जपेंद्र सिंह ने कहा कि मातृशक्ति ही देश की वास्तविक शक्ति है और भारत को सर्वशक्तिशाली बनाने में महिलाओं की भूमिका सदैव अग्रणी रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के गठन और राज्य के विकास में भी मातृशक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में भी मातृशक्ति पूरी मजबूती के साथ भाजपा के पक्ष में खड़ी होगी और उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर राज्य के विकास और मजबूत नेतृत्व के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देहरादून नगर निगम द्वारा चलाए गए व्यापक वृक्षारोपण अभियान में मातृशक्ति की भागीदारी अत्यंत सराहनीय रही है। उन्होंने महिलाओं के सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में महिला पार्षद बबीता, भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह, महिला उत्थान सशक्तिकरण ट्रस्ट की अध्यक्ष रेनू रौतेला सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। समारोह के दौरान महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में उपहार भी वितरित किए गए।
राखी के धागों में बंधा स्नेह, सम्मान और विश्वास का यह आयोजन मातृशक्ति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संदेश दे गया।
