ब्रेकिंग न्यूज़: सीएम के सख्त निर्देश का असर: देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन, हत्याकांड के शूटर और सहयोगी मुठभेड़ में गिरफ्तार
फायरिंग में दो बदमाश घायल, दोनों के पैरों में लगी गोली
देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने हुए सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने तड़के सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाश फायरिंग के दौरान घायल हुए हैं और उनके पैरों में गोली लगी है।
माननीय मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में पूरे जनपद में शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली।
रायपुर क्षेत्र में मुठभेड़
नाकेबंदी के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए कोरोनेशन/कॉरपोरेशन चिकित्सालय भेजा गया।
लालतप्पर चौकी क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई
वहीं दूसरी घटना में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार बदमाश ने लालतप्पर पुलिस चौकी पर रुकने के बजाय भागने की कोशिश की। पीछा करने पर वह एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। एसएसपी देहरादून स्वयं चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली।
दोनों घायल बदमाशों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस द्वारा उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
