पौड़ी

चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 

पौड़ी स्थित विकास भवन सभागार में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक की अध्यक्षता में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विकास योजनाओं और जनहित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने मंत्री का स्वागत किया।

बैठक में मोटर मार्गों, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, ग्रामीण निर्माण एवं अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए ताकि दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

सतपाल महाराज ने सड़क निर्माण, डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि जीवनरेखा हैं। उन्होंने लंबित सड़क परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि स्टेज-2 के अंतर्गत स्वीकृत 16 कार्यों में से 8 पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 6 कार्य प्रगति पर हैं। वहीं वर्ष 2022 से स्वीकृत 40 डामरीकरण कार्यों में से 35 पूरे किए जा चुके हैं। वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग से जुड़े लंबित मामलों पर भी 30 मई तक संयुक्त निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में रिक्त पदों का मामला सामने आने पर मंत्री ने क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही विद्युत विभाग को झूलती बिजली लाइनों और क्षतिग्रस्त पोलों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए।

बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti