दिल्ली

दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, उत्तराखंड के विकास से जुड़े विषयों पर हुई चर्चा

 

नई दिल्ली। उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने आज नई दिल्ली में देश के केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के मध्य विभिन्न सामयिक, जनहित एवं राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि शौर्य एवं पराक्रम की वीर भूमि उत्तराखंड के प्रति केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विशेष स्नेह एवं आत्मीय लगाव सदैव रहा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ राज्य को समय-समय पर प्राप्त होता रहा है।

उन्होंने उत्तराखंड के सामरिक महत्व, सीमांत क्षेत्रों के सशक्तीकरण तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास के प्रति रक्षा मंत्री की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग राज्य के विकास को नई दिशा प्रदान कर रहा है।

मंत्री उनियाल ने उत्तराखंड के प्रति केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सहयोग, मार्गदर्शन एवं समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Uma Shankar Kukreti