कोटद्वार में कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस ने जताई चिंता, दीपक’ के समर्थन में उतरे जिलाध्यक्ष विकास नेगी
कोटद्वार। जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने आज कोटद्वार निवासी दीपक कुमार कश्यप से मुलाक़ात के बाद राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि इंसानियत, सच और संविधान के पक्ष में खड़े होने वालों को भी डराया-धमकाया जा रहा है।
विकास नेगी ने कहा कि उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नफ़रत फैलाने वाले तत्व बेख़ौफ़ होकर समाज को बाँटने का काम कर रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी की माँग है कि समाज में नफ़रत फैलाने वालों के ख़िलाफ़ बिना किसी भेदभाव के सख़्त और त्वरित कार्रवाई की जाए। नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाईचारे, शांति, सद्भाव और संविधान के मूल्यों के साथ मज़बूती से खड़ी है और इनके संरक्षण के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
विकास नेगी ने दीपक को “उत्तराखंड का हीरो” बताते हुए कहा,
“दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं। उसी संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की भारतीय जनता पार्टी सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।
नेगी ने कहा,
“हमें और दीपकों की ज़रूरत है—जो झुकें नहीं, डरें नहीं और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें।”
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चित युवक का असली नाम दीपक कुमार कश्यप है। वे उत्तराखंड के कोटद्वार के रहने वाले हैं और पेशे से जिम ट्रेनर हैं।
एक वीडियो में दीपक कश्यप एक बुज़ुर्ग मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में अपनी बात रखते हुए दिखाई देते हैं। गणतंत्र दिवस के दिन कथित तौर पर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कोटद्वार स्थित “बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर” नामक दुकान पर पहुँचे थे।
दीपक कश्यप ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि सात-आठ लोगों ने 75 वर्षीय मुस्लिम दुकानदार पर दुकान के नाम से ‘बाबा’ शब्द हटाने का दबाव बनाया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
