देहरादून

कैंट विधानसभा में कांग्रेस की जीत निश्चित, जनता बदलाव का मन बना चुकी है : नवीन जोशी

 

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व राज्यमंत्री नवीन जोशी ने कहा कि कैंट विधानसभा की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि कई दसको से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी हुई है, जिससे जनता में भारी निराशा और आक्रोश है। कांग्रेस जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने, उन्हें प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का काम कर रही है।

आज “जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम” के अंतर्गत कैंट विधानसभा के कोलागढ़ क्षेत्र के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान तथा आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ और प्रत्येक घर तक पहुँचकर जनता की समस्याओं को सुनेंगे तथा कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाएंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए नवीन जोशी ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति जनता के विश्वास, सेवा और विकास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा की चुनौतियाँ, पेयजल, सड़क, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक मुद्दों पर जनता परेशान है। कांग्रेस इन जनसमस्याओं को पूरी मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है और जनता के अधिकारों की लड़ाई निरंतर लड़ती रहेगी।

उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा के प्रत्येक क्षेत्र में कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल बन रहा है। जनता कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों और जनसेवा के संकल्प पर भरोसा जता रही है। यदि सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, एकजुटता और समर्पण के साथ घर-घर पहुँचकर लोगों से संवाद करेंगे, तो वर्ष 2027 में कैंट विधानसभा में कांग्रेस की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित होगी।

नवीन जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करने, नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।

जनसंवाद से जनसमर्थन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित बैठक में पिया पापा, अनिल बस्नेत, राजेंद्र धवन, विजय शाही, प्रमोद डोभाल, प्रदीप डोभाल, संजय विश्वकर्मा, सुरेंद्र रावत, मोहन थापा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti