रायपुर फायरिंग कांड का 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, तमंचा भी बरामद
पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग के मामले में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पहले ही तीन आरोपी जा चुके हैं जेल
देहरादून। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना रायपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए रायपुर फायरिंग मामले में फरार चल रहे ₹15 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में नवीन राणा के कंधे तथा राहगीर कमेंद्र शर्मा के पैर में गोली लगी थी। मामले में दिवाकर खंडूड़ी की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना के दौरान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल की संलिप्तता सामने आने पर उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी देहरादून ने ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था।
लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 12 जुलाई को आरोपी को सिक्युआई रायपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल पुत्र जयप्रकाश, निवासी ग्राम मंडौरी, थाना नेहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
