दिल्लीदेहरादून

“मीडिया ट्रायल से छवि धूमिल करने की साज़िश”: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव ने गृह सचिव को लिखा पत्र, ऑडियो-वीडियो पर रोक की मांग

प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में लगातार हो रही कथित “साइकोलॉजिकल मार” से आहत होकर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखंड बीजेपी प्रभारी एवं पूर्व सांसद ने राज्य के गृह सचिव शैलेश बगाउली को एक कड़ा पत्र लिखते हुए उनके नाम से जुड़े ऑडियो-वीडियो के प्रसारण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि कुछ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित सामग्री पूरी तरह निराधार, पक्षपातपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण है, जिससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
बीजेपी नेता का कहना है कि एक्ट्रेस एवं पूर्व बीजेपी कार्यकर्ता उर्मिला सोनवार द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में उनका नाम कथित रूप से लिया गया है, जबकि इन आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि इस आपत्तिजनक सामग्री को न्यूज़ चैनलों, सोशल मीडिया हैंडल और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से तुरंत हटाया जाए।
गृह सचिव को दी गई लिखित शिकायत में उन्होंने नौ इलेक्ट्रॉनिक न्यूज़ चैनलों, नौ इंस्टाग्राम हैंडल और कुछ X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट्स का उल्लेख करते हुए कहा है कि फर्जी ऑडियो-वीडियो जानबूझकर उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं, जो कानूनी जांच के दायरे में आते हैं।
बीजेपी नेता ने स्पष्ट किया कि इन सामग्रियों को बार-बार वायरल कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जो मीडिया ट्रायल की श्रेणी में आता है।
उधर, सोशल मीडिया पर मुखर रूप से सामने आ रहीं एक्ट्रेस उर्मिला सोनवार लगातार अपने वीडियो पोस्ट के माध्यम से हरिद्वार के पूर्व विधायक एवं पार्टी से निलंबित नेता दुष्यंत गौतम, बीजेपी नेतृत्व और मुख्यमंत्री पर सवाल उठा रही हैं। वे इस पूरे मामले में निष्पक्ष CBI जांच की मांग कर रही हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित खुलासों के बाद उत्तराखंड में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उर्मिला सोनवार द्वारा जारी एक ऑडियो में VIP के रूप में दो बीजेपी नेताओं के नाम लिए जाने के बाद कई संगठनों ने अंकिता भंडारी प्रकरण की CBI जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किए हैं।
वहीं, उर्मिला के पूर्व पति और जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ द्वारा उनके खिलाफ दो FIR दर्ज कराई गई हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उर्मिला सोनवार ने सोशल मीडिया पर कहा है कि उन पर लगे आरोपों के बजाय, उनके खिलाफ मनमाने तरीके से मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और वे इससे डरने वाली नहीं हैं।

Uma Shankar Kukreti