हरिद्वार में ड्रग विभाग का एक्शन मोड: सुल्तानपुर–लक्सर में मेडिकल स्टोरों पर छापा, 6 सील, एक पर बिक्री प्रतिबंध
हरिद्वार | 26 दिसंबर 2025
जनपद हरिद्वार के सुल्तानपुर एवं लक्सर क्षेत्र से मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ड्रग विभाग ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की। ड्रग इंस्पेक्टर मेघा के नेतृत्व में दर्जनों मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।

ड्रग इंस्पेक्टर मेघा ने बताया कि लंबे समय से दवाओं की अवैध बिक्री, संचालन में अनियमितता और नियम उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। कुछ मेडिकल स्टोर संचालक निरीक्षण की भनक लगते ही स्टोर बंद कर मौके से फरार हो गए। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा लगभग 06 मेडिकल स्टोरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
वहीं, लक्सर क्षेत्र में एक मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितता पाए जाने के बाद उसके क्रय–विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है।
ड्रग इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि सील किए गए मेडिकल स्टोर तब तक नहीं खुलेंगे, जब तक संबंधित संचालक विभागीय जांच और आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण नहीं कर लेते।
उन्होंने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में एक्सपायरी दवाइयों का भंडारण या बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि नियम उल्लंघन या एक्सपायरी दवाइयां पाई गईं, तो संबंधित के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ड्रग विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
