देहरादून

देहरादून: DGP से मिले भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारी, 31 बिंदुओं पर बनी सहमति, बड़ा आंदोलन टला

देहरादून। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) दीपम सेठ से मुलाकात की। करीब 25 मिनट चली बैठक में किसानों से जुड़े 31 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संगठन ने वार्ता को सकारात्मक बताते हुए प्रस्तावित बड़े आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया है।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि इकरा हत्याकांड में कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ संगठन ने 28 जुलाई को डीजीपी कूच का ऐलान किया था। हालांकि हरिद्वार और देहरादून प्रशासन के आश्वासन के बाद पंचायत स्थगित कर डीजीपी से वार्ता का निर्णय लिया गया।
बैठक में डीजीपी दीपम सेठ ने इकरा हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही लक्सर गोलीकांड में भी निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
किसान नेताओं के अनुसार, बैठक में प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायत भी उठाई गई। इस पर डीजीपी ने कहा कि सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। पुलिस के व्यवहार में सुधार, आमजन के साथ बेहतर संवाद और वाहन चेकिंग के दौरान अनावश्यक परेशानियों को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।
किसान नेताओं का कहना है कि डीजीपी ने वाहन चेकिंग के दौरान ऑनलाइन दस्तावेजों को मान्यता देने और अनावश्यक चालान से बचने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद चौधरी संजीव तोमर ने कहा कि डीजीपी के सकारात्मक रुख और 31 बिंदुओं पर सहमति बनने के बाद संगठन फिलहाल आंदोलन नहीं करेगा और सरकार व पुलिस प्रशासन को आश्वासनों को लागू करने का अवसर देगा।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, उत्तराखंड युवा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चौहान, जिला अध्यक्ष संदीप चौहान, मुकेश गुर्जर, दीपक तोमर, हनी बालियान, वंश सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।