देहरादून: राज्य आंदोलनकारी आश्रितों का क्रमिक अनशन 46वें दिन भी जारी, सरकार को 4 दिन का अल्टीमेटम
देहरादून, 30 जुलाई। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संयुक्त मंच के तत्वावधान में शहीद स्मारक, देहरादून में चल रहा धरना-प्रदर्शन एवं क्रमिक अनशन गुरुवार को 46वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उत्तराखंड आंदोलनकारी संयुक्त परिषद के जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया।
मंच के संयोजक अम्बुज शर्मा ने कहा कि सरकार एक ओर प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर “शहीदों को शत-शत नमन” के बोर्ड लगाकर सम्मान प्रदर्शित करती है, जबकि दूसरी ओर पिछले 46 दिनों से चिन्हीकरण और नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलनरत राज्य आंदोलनकारियों की सुध लेने तक का समय नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, लेकिन इसके बावजूद जिला प्रशासन उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
धरना स्थल पर आयोजित आपात बैठक में आंदोलनकारियों ने सरकार और प्रशासन को चार दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में वार्ता के लिए आमंत्रित नहीं किया गया तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
आज के क्रमिक अनशन पर विकासनगर के राम किशन और ऋषिकेश के आनंद सिंह तड़ियाल बैठे।
इस दौरान सुनीता ठाकुर, शैलेश सेमवाल, मनोरथ प्रसाद ध्यानी, प्रभात डंडरियाल, सुरेश कुमार, रामपाल सिंह, शांति तड़ियाल, राजेश शर्मा, बालिश बवानिया, मुकेश मोघा, जमुना देवी, सुशील विरमानी, गीता नेगी, हरिओम ओमी, रेखा शर्मा, सुभाग देवी, भगत सिंह, यशोदा रावत, मीरा गुसाईं, राजेश्वरी रावत, कल्पेश्वरी नेगी, एकादशी देवी, विकास रावत, सावित्री पंवार सहित अनेक आंदोलनकारी मौजूद रहे।
