देहरादून: मुख्यमंत्री धामी ने मेधावी छात्रों से की बात, दी बधाई
देहरादून।
Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को Uttarakhand Board of School Education, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल, एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ के इशांत कोठारी, जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा के योगेश जोशी से फोन पर संवाद कर उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।
इसी क्रम में इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों—सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर हरिद्वार की वंशिका से भी मुख्यमंत्री ने वार्ता कर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही छात्र-छात्राएं इस प्रकार की सफलता प्राप्त करते हैं।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें और राज्य व देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और मेधावी छात्रों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
