महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून : संगठन सर्वापरी —-डॉ. जसविंदर सिंह गोगी
देहरादून। श्री जितेंद्र तनेजा के पुनः ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, प्रेमनगर के अध्यक्ष पद पर मनोनयन पर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा प्रेमनगर के सभी कार्यकर्ताओं को सफल कार्यक्रम आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने अपने विस्तृत वक्तव्य में कहा कि श्री जितेंद्र तनेजा एक समर्पित, संघर्षशील एवं जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने संगठन को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके पुनः अध्यक्ष बनने से प्रेमनगर क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
डॉ. गोगी ने इस अवसर पर संगठन में महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए 33% आरक्षण का प्रावधान किया गया है,
उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका वास्तविक क्रियान्वयन और संगठन के प्रत्येक स्तर पर महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के सम्मान, अधिकार और नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है।
डॉ. गोगी ने स्पष्ट किया कि संगठन के भीतर भी महिलाओं को अधिक से अधिक जिम्मेदारियां देकर उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए, ताकि वे निर्णय प्रक्रिया का सक्रिय हिस्सा बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर सहित पूरे देहरादून में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने अपने वक्तव्य में कहा कि श्री जितेंद्र तनेजा का अनुभव एवं नेतृत्व संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।
दोनों नेताओं ने प्रेमनगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जिस प्रकार एकजुट होकर शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया, वह संगठनात्मक एकता का प्रतीक है।
अंत में, सभी कांग्रेसजनों ने श्री जितेंद्र तनेजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।इस मौके पर मुख्य रूप से प्रेमनगर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, पार्षद अभिषेक तिवारी, सुमित खन्ना, विपुल नौटियाल , पीयूष तनेजा, रविंद्र रैना, सुनील, राहुल, हरपाल सिंह पाली, कुलदीप नरूला आदि उपस्थित थे
