देहरादून में दीपावली एवं छठ पूजा को लेकर चला विशेष स्वच्छता अभियान 10 दिनों में 702.2 टन अतिरिक्त कचरा हुआ एकत्र
10 दिनों में 702.2 टन अतिरिक्त कचरा हुआ एकत्र
देहरादून, 21 अक्टूबर। दीपावली, छठ पूजा एवं आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम देहरादून द्वारा 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक संपूर्ण शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विगत 10 दिनों में करीब 702.2 टन अतिरिक्त कचरा निगम क्षेत्र से एकत्र कर शीशमबाड़ा ट्रांसफर स्टेशन एवं प्रोसेसिंग प्लांट तक पहुंचाया गया।
अभियान के तहत प्रतिदिन 100 से 150 टन अतिरिक्त कचरा शहर से उठाया जा रहा है। इसके लिए अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और अन्य वाहन लगाए गए हैं। सभी कूड़ा संग्रहण वाहनों को अतिरिक्त ईंधन उपलब्ध कराया गया है ताकि वार्डों में अतिरिक्त ट्रिप लगाकर दीपावली के दौरान उत्पन्न कचरे का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
इसके साथ ही, प्रतिदिन 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां ग्रीन वेस्ट (हरी कचरा) संग्रह के लिए चलाई जा रही हैं।
नगर आयुक्त ने Rasha Infrastructure, जो कि Kargi MTS एवं Sheeshambada प्रोसेसिंग प्लांट का संचालन कर रही है, को दोनों शिफ्टों में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी CSI/SI अधिकारियों को अपने-अपने वार्डों की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
नगर निगम का यह विशेष स्वच्छता अभियान छठ पूजा तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि देहरादून शहर स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
