देहरादून

गंगाभोगपुर–बिदासनी सड़क निर्माण में देरी पर भड़के ग्रामीण, संघर्ष समिति ने दी आंदोलन की चेतावनी

 

यमकेश्वर, 21 अक्टूबर।
गंगाभोगपुर (बीन नदी)–बिदासनी ऑल वेदर मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर गंगाभोगपुर–बिदासनी ऑल वेदर मोटर मार्ग संघर्ष समिति की एक बैठक सामुदायिक मिलन केंद्र में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और समिति सदस्य शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के अध्यक्ष सत्यपाल रावत ने की, जबकि महासचिव राजपाल धमान्दा ने अब तक किए गए प्रयासों और विभागीय पत्राचार का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य संजीन चौहान (श्यामपुर), जिला पंचायत सदस्य बचन बिष्ट (उमरोली), पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद डबराल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुदेश भट्ट, ग्राम प्रधान सीमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कु. हिमानी, बिजल्वाण, ध्रुव असवाल एवं एस.पी. जोशी ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की।

 

वन विभाग की ओर से उपस्थित पार्क वार्डन चित्रा नेगी ने विभागीय स्तर पर चल रही प्रक्रिया और आवश्यक अनुमोदनों की जानकारी साझा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
यमकेश्वर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति ने इस बैठक को आंदोलन के लिए नई दिशा और मजबूती दी।

 

Uma Shankar Kukreti