देहरादूनविकासनगर

देहरादून: महिला को गोली मार युवक ने खुद को भी उड़ाया, मौके पर मौत

देहरादून: महिला को गोली मार युवक ने खुद को भी उड़ाया, मौके पर मौत

देहरादून। जनपद के विकासनगर क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। कल्याणपुर स्थित एक मकान में एक युवक ने एक महिला को तमंचे से गोली मार दी। वारदात के तुरंत बाद उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान संगीता निवासी बुटानू (उत्तरकाशी) तथा मृतक की पहचान कमलेश निवासी हयोटंगरी (चकराता) के रूप में हुई है।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

सुबह अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

जाली तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस ने जाली तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर कमलेश और संगीता खून से लथपथ पड़े मिले। जांच में कमलेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि संगीता जीवित थी।

महिला की हालत गंभीर

घायल संगीता को तत्काल विकासनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देहरादून के एक निजी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार कमलेश और संगीता दोनों शादीशुदा थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक कमलेश का संगीता के घर अक्सर आना-जाना था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला महिला को गोली मारने के बाद युवक द्वारा आत्महत्या करने का प्रतीत होता है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट तथा घायल महिला के बयान के बाद ही हो सकेगा।

उत्तराखंड केसरी इस मामले से जुड़े सभी आधिकारिक अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।