धामी कैबिनेट के 10 बड़े फैसले, MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड ₹25 हजार हुआ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक में 10 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक के बाद अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी।
कैबिनेट ने राज्य के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में कार्यरत MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। अब इंटर्न को ₹17 हजार के स्थान पर ₹25 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
कैबिनेट के प्रमुख फैसले
UERC की वार्षिक रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी
उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (UERC) की वार्षिक रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर रखने की मंजूरी दी गई।
कारागार विभाग में पद को मंजूरी
उत्तराखंड कारागार विभाग की सेवा नियमावली के तहत अपर महानिदेशक कारागार के एक पद को संवर्गीय ढांचे में रखने की मंजूरी दी गई।
शासकीय अधिवक्ताओं के शुल्क का पुनर्निर्धारण
सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और अधीनस्थ न्यायालयों में कार्यरत शासकीय अधिवक्ताओं को मिलने वाले शुल्क के पुनर्निर्धारण संबंधी कमेटी की रिपोर्ट को मंजूरी दी गई।
विधिक माप विज्ञान की सेवा नियमावली में संशोधन
खाद्य विभाग के अंतर्गत विधिक माप विज्ञान की सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी गई।
MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ा
प्रदेश के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों में MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड ₹17,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह कर दिया गया।
खेल विभाग में 35 पद सृजित
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक व्यायाम शिक्षक के 35 पद खेल विभाग के लिए सृजित किए गए हैं। इन पदों को पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आरक्षित किया जाएगा।
पदक विजेता खिलाड़ियों को 243 पदों पर नियुक्ति
खेल नीति-2021 के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 243 पदों पर आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी।
मसूरी में गढ़वाल सभा को मिलेगी भूमि
मसूरी रोपवे परियोजना के तहत भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी गई। वहीं मसूरी में GMVN की पार्किंग की 972 गज भूमि गढ़वाल सभा को भवन निर्माण के लिए दिए जाने का निर्णय लिया गया।
हरिद्वार में बनेगा ESI अस्पताल
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के लिए हरिद्वार में 15 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। यहां ESI अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत धार्मिक स्थलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता, वृक्षारोपण, जनसहभागिता, बच्चों की प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटक समेत कई गतिविधियां होंगी।
