देहरादून

धामी सरकार का विज़न हुआ साकार, आढ़त बाजार परियोजना देहरादून को दिला रही नई दिशा

 

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)
दिनांक: देहरादून, 4 नवंबर 2025

आढ़त बाजार से तहसील चौक तक चौड़ीकरण परियोजना को मिली गति, एमडीडीए ने शुरू की रजिस्ट्री प्रक्रिया

सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी परिसम्पत्तियों की रजिस्ट्री हेतु मुख्य अभियंता एच.सी.एस. राणा और संयुक्त सचिव गौरव चटवाल अधिकृत


राज्य सरकार की प्राथमिकता वाले शहरी पुनर्विकास कार्यों में आढ़त बाजार परियोजना को विशेष महत्व दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विज़न के अनुरूप मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) शहर के यातायात दबाव को कम करने और सड़क ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।

आढ़त बाजार से तहसील चौक तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत प्रभावित परिसम्पत्तियों के सापेक्ष प्रतिकर वितरण एवं भूखंड आवंटन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। रजिस्ट्री कार्य के निष्पादन हेतु मुख्य अभियंता एच.सी.एस. राणा और संयुक्त सचिव गौरव चटवाल को अधिकृत किया गया है। प्रत्येक प्रभावित परिसम्पत्ति की रजिस्ट्री और प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया एक साथ प्रारंभ कर दी गई है।


प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह परियोजना देहरादून के केंद्रीय क्षेत्र में यातायात सुगमता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि प्रभावित संपत्तियों के स्वामियों को उचित प्रतिकर एवं वैकल्पिक भूखंड प्रदान करने की दिशा में पारदर्शी और व्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
तिवारी ने कहा कि विकास कार्यों में नागरिकों के सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और एमडीडीए सभी प्रभावितों के हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।


प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने जानकारी दी कि सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित परिसम्पत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग (प्रान्तीय खंड), देहरादून के पक्ष में प्रारंभ हो चुकी है।
सहारनपुर चौक से तहसील चौक तक के क्षेत्र में बायीं ओर की संपत्तियों की रजिस्ट्री हेतु मुख्य अभियंता एच.सी.एस. राणा, जबकि दायीं ओर की संपत्तियों के लिए संयुक्त सचिव गौरव चटवाल को नामित किया गया है।
रजिस्ट्री विलेखों को उपनिबंधन कार्यालय, देहरादून में प्रस्तुत करने हेतु लिपिक धन सिंह चौहान और दिव्यान्श श्रीवास्तव को प्रस्तुतकर्ता के रूप में अधिकृत किया गया है।


यह परियोजना देहरादून शहर के यातायात प्रबंधन, सौंदर्यीकरण और सतत शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
एमडीडीए का लक्ष्य है कि सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन को सर्वोपरि रखा जाए।

आने वाले समय में इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और देहरादून को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुचारु यातायात वाले शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य साकार होगा।

Uma Shankar Kukreti