27 गांवों की आराध्य देवी मां चण्डिका भगवती की दिवारा यात्रा शुरू
चमोली।
पौराणिक परंपरा और आस्था का प्रतीक मां चण्डिका भगवती की दिवारा यात्रा गुरुवार से धूमधाम के साथ शुरू हो गई। बारह वर्षों बाद आयोजित हो रही इस यात्रा में 27 गांवों की आराध्य देवी मां चण्डिका भगवती को नवरात्रों में नौ दिन पूजा-अर्चना के बाद उनके ससुराल जिलासु गांव से मायके सरमोला गांव के लिए विदा किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण छाया रहा और श्रद्धालुओं ने माता की जयकारों से माहौल गुंजायमान कर दिया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष मढ़ापति दिलवर सिंह चौहान ने बताया कि यात्रा के शुभ अवसर पर महिला मंगल दल ऐरास व मांसों सहित राजकीय इंटर कॉलेज व जूनियर हाईस्कूल सिंवाई के छात्र-छात्राओं ने झुमेल व जागर गीतों की प्रस्तुतियां दीं।

पूजा-अर्चना में वेदपाठी रमेश चन्द्र वैंजवाल, ललिता प्रसाद वैंजवाल, अतुल प्रसाद वैंजवाल, नीलकण्ठ खाली, महादेव खाली सहित पुजारी द्वारिका प्रसाद तिवाड़ी, चन्द्रप्रकाश तिवाड़ी, विनोद खत्री मौजूद रहे। समिति के उपाध्यक्ष संदीप चौहान, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चौहान, सह सचिव दर्शन सिंह कंडारी, सचिव एवं मंच संचालन ईश्वर सिंह राणा व धीरेन्द्र सिंह राणा ने भी कार्यक्रम का संचालन किया।

इस अवसर पर क्षेत्र के समस्त ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और मां चण्डिका की दिवारा यात्रा का साक्षी बने.
