देहरादून

सीमाद्वार नाला पुनर्निर्माण परियोजना का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, अवैध सड़क कटिंग पर मशीन सीज

₹14.25 करोड़ की परियोजना को मिलेगा अंतिम रूप, स्थानीय सुझाव भी होंगे शामिल; नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत कैंट विधानसभा क्षेत्र के शास्त्रीनगर-सीमाद्वार स्थित एशियन पब्लिक स्कूल के पीछे क्षतिग्रस्त नाले के पुनर्निर्माण के लिए तैयार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) का बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नाले की वर्तमान स्थिति, जल निकासी व्यवस्था, जलग्रहण क्षेत्र, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या तथा आसपास की बस्तियों पर पड़ने वाले प्रभाव का विस्तृत आकलन किया गया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप तैयार डीपीआर के अनुसार करीब ₹14.25 करोड़ की लागत से 2160 मीटर लंबे आरसीसी बैरल नाले का निर्माण प्रस्तावित है। नाले की चौड़ाई 2.25 मीटर और गहराई 2.40 मीटर होगी। इसके साथ दोनों ओर नालियों तथा यातायात संबंधी आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे, जिससे सीमाद्वार क्षेत्र में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों को भी डीपीआर में शामिल किया जाएगा, ताकि योजना क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार हो।
अवैध सड़क कटिंग पर डीएम का एक्शन
निरीक्षण के दौरान सड़क कटिंग की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए सड़क काटी जा रही थी।
मानसून के दौरान लागू प्रतिबंधों को देखते हुए जिलाधिकारी ने कार्य तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए और मौके पर मौजूद मशीन को सीज करा दिया। साथ ही संबंधित सड़क की शीघ्र मरम्मत, जनसुविधाओं की बहाली और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता महेंद्र सिंह बोरा, अधिशासी अभियंता पुरुषोत्तम, वन विभाग के अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Uma Shankar Kukreti