Uttarakhand

डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान वाहन

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशु रोग निदान एवं टीकाकरण प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग के नियंत्रण के लिए जनपद में 45 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत सभी विकासखंडों में पशु चिकित्सकों द्वारा मवेशियों का व्यापक टीकाकरण किया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी ने बताया कि अभियान में 22 राजकीय पशु चिकित्सालयों के अंतर्गत 122 एफएमडी वैक्सिनेशन टीमों द्वारा 2.20 लाख मवेशियों का टीकाकरण लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण की मॉनिटरिंग के लिए चिन्हित ग्रामों में टीकाकरण से पहले और 28-30 दिन बाद पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला से रक्त नमूनों का परीक्षण किया जाएगा।डॉ. जोशी ने आगे कहा कि पिछले चार वर्षों से पशुपालन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हर छह माह में मवेशियों (गाय, भैंस, भेड़, बकरी) में खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। सात चक्रों के ब्रह्य स्तर पर टीकाकरण से इस रोग के प्रकरण लगभग समाप्त हो चुके हैं। अभियान के फलस्वरूप मवेशियों में छाले, तेज बुखार, गर्भपात, दूध उत्पादन में कमी और मृत्यु के मामलों में भारी कमी आई है।इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Shubham Mishra