Uttarakhand

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 शिक्षकों को डीएम ने किया सम्मानित

रुद्रपुर। भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर गुरूवार को विकास भवन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 शिक्षकों को अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।

डीएम भदौरिया ने समारोह का शुभारंभ डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन महान दार्शनिक, शिक्षाविद् एवं भारतीय संस्कृति के संवाहक थे। उनका जीवन शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और समाज को संस्कारित करने के लिए समर्पित रहा। इसलिए उनके जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।डीएम ने कहा कि शिक्षक समाज की धुरी हैं। जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी को आकार देता है, उसी तरह शिक्षक छात्र को योग्य नागरिक बनाते हैं। शिक्षकों द्वारा गढ़े गए विद्यार्थी ही स्वच्छ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुत्व शक्ति ही ज्ञान से न्याय की ओर ले जाती है, इसलिए शिक्षक का पद गरिमामय और आदर्श का प्रतीक है।उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा को रोचक एवं बोझरहित बनाने की अपील की। साथ ही विद्यालयों में मौजूद कमियों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर गुणवत्तापरक शिक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया।इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, डायट प्राचार्य अंजता बिष्ट, संजीव बुधोरी सहित बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य व शिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *