उत्तराखंड बोर्ड के टॉपर्स के साथ डीएम का प्रेरक संवाद, सफलता के सूत्र किए साझा
रुद्रपुर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जनपद के मेधावी विद्यार्थियों के साथ आज जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।डीएम ने अपने छात्र जीवन से सिविल सेवा तक के संघर्षपूर्ण सफर साझा कर छात्रों को सफलता के सूत्र बताए। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सभी को बधाई दी, अभिभावकों व शिक्षकों की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यार्थियों ने ‘लक्ष्य कैसे निर्धारित करें?’, ‘नीट की तैयारी कैसे करें?’ व ‘कला में रुचि लेकिन विज्ञान का दबाव’ जैसे सवाल पूछे। डीएम ने कहा- रुचि वाले क्षेत्र चुनें, क्योंकि वही निरंतरता व उत्कृष्टता लाता है। मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल, संगीत जैसी गतिविधियां अपनाएं।
प्रतियोगी परीक्षाओं पर सलाह देते हुए उन्होंने सिलेबस समझने, योजना बनाने, अनुशासन व समय प्रबंधन पर जोर दिया। अच्छे संस्थानों का चयन करें, जहां प्रतिस्पर्धा से क्षमता बढ़े। सभी विषयों में अपार संभावनाएं हैं।
अंत में डीएम ने छात्रों को पुस्तकें, बैग व मिष्ठान वितरित किए। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अधिकारी, विद्यार्थी, शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।
