फल-सब्जियों पर विशेष जांच अभियान, 3 नमूने जांच के लिए भेजे
रुद्रपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड के निर्देशों पर कुमाऊं मंडल के उपायुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत के नेतृत्व में मंगलवार को रुद्रपुर की सब्जी मंडी में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान आम जनता को बेचे जा रहे फल-सब्जियों में अप्राकृतिक रंगों और कृत्रिम पकाने वाले रसायनों के उपयोग की जांच की गई।
संजय नगर, खेड़ा स्थित सब्जी मंडी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती आशा आर्या ने लौकी, तरबूज और केले के कुल 3 नमूने संग्रहित किए, जिन्हें विश्लेषण के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेज दिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम-विनियम 2011 के तहत यह कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान 3 फल-सब्जी विक्रेताओं को बिना FSSAI लाइसेंस या पंजीकरण के बिक्री करने पर नोटिस जारी किया गया। सभी विक्रेताओं को कृत्रिम पकाने वाले रसायनों और अप्राकृतिक रंगों का उपयोग न करने के सख्त निर्देश दिए गए। अभियान में डॉ. राजेंद्र सिंह कठायत, आशा आर्या और पंकज कुमार शामिल रहे।
