पतरामपुर में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम: कृषकों को जैविक खेती व योजनाओं की दी जानकारी।
रुद्रपुर । जनपद के पतरामपुर गांव में मंगलवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. विकेश कुमार सिंह यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया और सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
कृषकों को ‘धरती माता वचाओ अभियान’ के तहत रसायनिक उर्वरकों का मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार ही उपयोग करने की सलाह दी गई, जिससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और लागत कम होगी। हरी खाद, जैविक खाद, एजोटोबैक्टर, राइजोबियम, पीएसबी और पीएसएम जैसे जैव उर्वरकों तथा प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया गया। अमोनियम सल्फेट जैसे वैकल्पिक उर्वरकों का प्रयोग कर रसायनिक निर्भरता घटाने को कहा गया, साथ ही उर्वरक केवल आवश्यकता अनुसार खरीदने की हिदायत दी। कृषि अधिकारी ने बताया धान बीज पर 50 फीसदी अनुदान (अधिकतम 2000 रुपये/क्विंटल), दलहन-तिलहन पर 50 फीसदी (अधिकतम 5000 रुपये/क्विंटल), जैव उर्वरक, सूक्ष्म पोषक एवं कृषि रसायनों पर 50 फीसदी (अधिकतम 500 रुपये) उपलब्ध है। एक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर तक अनुदान मिलेगा, जिसके लिए निकटतम कृषि निवेश केंद्र से संपर्क करें।उन्होंने बताया धान-गेहूं के बजाय सुगंधित एवं औषधीय पौधों की खेती अपनाने से अधिक लाभ और जंगली पशुओं से सुरक्षा मिलेगी। कृषकों से तत्काल डिजिटल फार्मर आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) बनवाने का अनुरोध किया गया, क्योंकि भविष्य में उर्वरक एवं योजनाओं का लाभ इसी से मिलेगा। ग्राम/विकासखंड कर्मचारी घर-घर जाकर सहायता कर रहे हैं, या सीएचसी/पोर्टल से स्वयं बनाएं।
