रुद्रपुर, काशीपुर व सितारगंज के लिए 636 करोड़ की पेयजल परियोजनाएं स्वीकृत
रुद्रपुर। क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में 636.14 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर, काशीपुर व सितारगंज के लिए पेयजल योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इन योजनाओं से 3 लाख 33 हजार 586 जनसंख्या को लाभ मिलेगा।
उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी के अंतर्गत स्वीकृत इन बाह्य सहायतित योजनाओं में रुद्रपुर परियोजना पर 293.41 करोड़, काशीपुर पर 261.83 करोड़ व सितारगंज पर 80.90 करोड़ रुपये व्यय होंगे।योजनाओं का निर्माण वर्ष 2057 की अनुमानित जनसंख्या को ध्यान में रखकर किया जाएगा।इसके साथ ही किच्छा नगर क्षेत्र में एशियन डेवलपमेंट बैंक की सहायता से 400 करोड़ की पेयजल योजना निर्माणाधीन है। अधीक्षण अभियंता पेयजल निर्माण निगम के अनुसार, इस योजना से 2100 परिवारों को पेयजल संयोजन उपलब्ध कराया जाएगा तथा परियोजना मार्च 2028 तक पूर्ण होगी।
सांसद अजय भट्ट ने जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत कार्यदायी संस्था द्वारा तुरंत किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नलकूप व ओवरहेड टैंक का निर्माण पूरा होने के बाद ही पाइपलाइन डाली जाए। साथ ही नगर निकाय से प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर ही कार्य पूर्ण माना जाएगा।उन्होंने कहा कि शुद्ध व सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना केंद्र व राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नगर निकाय दिनेशपुर, सुल्तानपुर, लालपुर, केलाखेड़ा, गूलरभोजन, बाजपुर, गदरपुर, जसपुर व नगला आदि क्षेत्रों के लिए भी पेयजल परियोजनाओं का सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
