देहरादूनपौड़ी

नर – भक्षी गुलदार का खात्मा: ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सीएम धामी के निर्देशों पर वन विभाग की त्वरित कार्रवाई

 

पौड़ी जनपद के गजेल्ड (गजल्ड) गांव में आतंक का पर्याय बन चुके नर-भक्षी गुलदार को आखिरकार ढेर कर दिया गया है। बीते कई दिनों से ग्रामीणों पर हमला कर दहशत फैलाने वाले इस खूंखार गुलदार के विरुद्ध राज्य सरकार ने बेहद गंभीर और निर्णायक रुख अपनाया था।

घटना की गंभीरता पर तुरंत संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग और जिला प्रशासन को स्पष्ट, कठोर और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सीएम के आदेशों के बाद विशेष प्रशिक्षित शिकारी दल, वन विभाग की टीम, ट्रैकिंग विशेषज्ञ और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया।

लगातार निगरानी, मूवमेंट ट्रैकिंग और कई घंटों की सघन मेहनत के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम ने गुलदार को सफलता पूर्वक मार गिराया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल काफी हद तक समाप्त हुआ है और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा था कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार ने प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और भविष्य में ऐसे जन-जीवन पर खतरा उत्पन्न करने वाली परिस्थितियों पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं।

सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जन-सुरक्षा को प्रभावित करने वाले हर मामले में इसी तरह सख्त और तेज कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री व वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर उठाए गए कदमों ने बड़े संकट को टाल दिया।

Uma Shankar Kukreti