देहरादून

पति की प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने की आत्महत्या, पति गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामला थाना रायवाला क्षेत्र का है, जहां विवाहिता द्वारा कथित मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 26 जून 2026 को शिकायतकर्ता जयबीर सिंह निवासी अठूरवाला, जौलीग्रांट ने थाना रायवाला में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन श्रीमती शकुन्तला (33 वर्ष) का विवाह वर्ष 2018 में सुशील बर्थ्वाल निवासी खैरीखुर्द, रायवाला के साथ हुआ था।
आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति द्वारा महिला के साथ लगातार मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। कई बार समझाने के बावजूद भी आरोपी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने 25 जून 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
तहरीर के आधार पर थाना रायवाला में मुकदमा संख्या 105/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतका के कपड़ों से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुशील बर्थ्वाल (43 वर्ष) निवासी खैरीखुर्द, थाना रायवाला, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी: • उपनिरीक्षक नमिता सैनी
• कांस्टेबल हंसराज
• कांस्टेबल अनित कुमार
नोट: मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय में दोष सिद्ध होने तक आरोपी को कानून की दृष्टि में आरोपी माना जाता है, दोषी नहीं।

Uma Shankar Kukreti