गोदियाल के आरोप जांच प्रभावित करने की कोशिश, दोषी कोई भी हो बख्शा नहीं जाएगा: हेमंत द्विवेदी
देहरादून, 20 जुलाई। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि यह कांग्रेस के हालिया घटनाक्रमों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मंदिर समिति से जुड़े सभी मामलों की एसआईटी, विभागीय और उच्च स्तरीय जांच चल रही है तथा जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
द्विवेदी ने आरोप लगाया कि गोदियाल बिना तथ्यों के बयान देकर जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि गोदियाल को जांच से जुड़ी ऐसी जानकारी है जो सार्वजनिक नहीं है, तो उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि वह जानकारी उन्हें कहाँ से मिली।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोदियाल के कार्यकाल में मंदिर समिति के संसाधनों और धन का दुरुपयोग हुआ तथा नियमों के विरुद्ध नियुक्तियां और पदोन्नतियां की गईं। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों से संबंधित जांच रिपोर्ट उपलब्ध है।
द्विवेदी ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और बद्रीनाथ-केदारनाथ धाम की पवित्रता एवं श्रद्धालुओं के विश्वास से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने दी जाए, सत्य स्वयं सामने आ जाएगा।
