Healthदेहरादून

भानियावाला में स्वास्थ्य शिविर: 183 लोगों ने उठाया मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

 

डोईवाला, 23 जुलाई 2026। सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के तहत गणपति वेडिंग प्वाइंट, भानियावाला में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, डोईवाला द्वारा आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर में 183 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

शिविर में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा जारी रखने का आह्वान किया।

शिविर में कुल 183 नागरिकों (87 पुरुष एवं 96 महिलाएं) ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कीं। एनसीडी कार्यक्रम के तहत 101 लोगों की उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। आरसीएच कार्यक्रम के अंतर्गत 28 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 63 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता परामर्श, 57 लाभार्थियों को पोषण संबंधी सलाह तथा 3 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए।

टीबी उन्मूलन अभियान के तहत 111 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई तथा 16 निक्षय मित्रों का पंजीकरण हुआ। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 49 एबीएचए आईडी बनाई गईं और 17 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। शिविर में एचबी, एलएफटी, आरएफटी, लिपिड प्रोफाइल की जांचों के साथ 84 लाभार्थियों के छाती के एक्स-रे भी किए गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, डोईवाला के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह रावत ने भी शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे सभी स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, लैब तकनीशियनों, फार्मासिस्टों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न टीमों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के सहयोग से शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविरों के माध्यम से आमजन तक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।