अस्पतालों को मिले अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और सशक्त : सुबोध उनियाल
देहरादून, 16 जुलाई। स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने आज स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन (रजि.) द्वारा ONGC के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के सहयोग से आयोजित आवश्यक चिकित्सा उपकरण वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर अस्तपताल को आधुनिक चिकित्सा उपकरण वितरित किए।
इस दौरान मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को समयबद्ध और बेहतर उपचार मिल सकेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी अस्पतालों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री उनियाल ने स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन (रजि.) एवं ONGC द्वारा CSR के माध्यम से किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं और कॉर्पोरेट जगत की सहभागिता से स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन के पदाधिकारी, ONGC के अधिकारी, चिकित्सक, विभिन्न अस्पतालों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
