देहरादून

इंडिया गठबंधन 25 फरवरी को गांधी पार्क में बिंदुखत्ता, बापूग्राम सहित समस्त खत्तों के समर्थन में देगा धरना — हरीश रावत

देहरादून, 22 फरवरी 2026।
इंडिया गठबंधन ने आज कांग्रेस मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बिंदुखत्ता, बापूग्राम, पुछड़ी, बागजाला, बग्गा चौवन सहित राज्य के समस्त खत्तों, गोठों, गुलरानी टोंगिया गांवों, इंदिराग्राम, गांधीग्राम और हरिग्राम को राजस्व गांव का दर्जा दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल द्वारा 26 दिसंबर 2016 को लिए गए निर्णय, जिसे अधिसूचित भी किया गया था, उसमें शामिल सभी 10 बिंदुओं के लाभार्थियों को तत्काल मंत्रिमंडल की भावना के अनुरूप भूमिधरी अधिकार प्रदान किए जाएं। साथ ही टिहरी बांध विस्थापितों और वन गुज्जरों को आवंटित भूमि का मालिकाना हक दिया जाए।
हरीश रावत ने मांग की कि अनुसूचित जाति और जनजाति के उन लोगों को भी नियमित किया जाए, जो वर्षों से ग्राम समाज या सरकारी भूमि पर बसे हुए हैं। सीमांत जनजातीय गांव गुंजी में पीढ़ियों से रह रहे लोगों को भी भूमि का मालिकाना हक दिया जाए। राज्य की मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को 2016 में विधानसभा द्वारा पारित कानून के अनुसार स्वामित्व अधिकार प्रदान किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि विशेष रूप से ऊधमसिंह नगर में सीलिंग से प्राप्त भूमि और हिंदुस्तान पेपर पल्प से ली गई भूमि का लैंड बैंक तैयार कर आपदा प्रभावित ग्रामीणों को वरिष्ठता के आधार पर बसाया जाए।
समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. एस.एन. सचान ने कहा कि कल्याणकारी राज्य का दायित्व वंचित वर्गों की रक्षा करना है, लेकिन वर्तमान सरकार पूंजीपतियों के हितों के लिए कार्य कर रही है।
भाकपा के पूर्व राष्ट्रीय परिषद सदस्य कामरेड समर भंडारी ने आरोप लगाया कि सरकार कॉरपोरेट जगत के लिए भूमि एकत्र कर उन्हें सौंपना चाहती है।
भाकपा (माले) के राज्य सचिव कामरेड इंद्रेश मैखूरी ने कहा कि बिंदुखत्ता और बापूग्राम में अदालत के आदेशों की गलत व्याख्या कर जनता को आतंकित कर उनकी भूमि छीनने का प्रयास किया जा रहा है।
माकपा के राज्य सचिव मंडल सदस्य कामरेड सुरेंद्र सजवाण ने कहा कि एलिवेटेड रोड के नाम पर मलिन बस्तियों के लोगों को जबरन विस्थापित किया जा रहा है और उन्हें भूमिहीन बनाया जा रहा है।
कामरेड जगदीश कुकरेती ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के चार्टर में आदिवासियों की विशिष्ट पहचान को संरक्षित करने का प्रावधान है, लेकिन पर्यटन के नाम पर उन्हें उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि टोंगिया क्षेत्रों में रहने वाले लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और उन्हें नागरिक अधिकारों से वंचित रखा गया है।
प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के डॉ. एस.एन. सचान, कामरेड समर भंडारी, कामरेड इंद्रेश मैखूरी, कामरेड सुरेंद्र सजवाण, कामरेड जगदीश कुकरेती, कामरेड अशोक शर्मा, कांग्रेस नेता संजय शर्मा, प्रीतम आर्य सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti