देहरादून

डिजिटल विकास को नई दिशा देगा “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट”: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आयोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान समय की आवश्यकता हैं, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (A.I.), टेक्नोलॉजी और साइंस से जुड़े विविध विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कॉन्फ्रेंस से प्राप्त निष्कर्ष और सुझाव भविष्य में सकारात्मक परिणाम देने के साथ-साथ राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सामरिक और पर्यटन दृष्टि से महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि यह राज्य देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य में प्रतिवर्ष 06 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता के कारण अनेक आकर्षक डेस्टिनेशन उपलब्ध हैं। राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण मौजूद है, जिससे फिल्म उद्योग में व्यापक संभावनाएं विकसित हो रही हैं। इसके साथ ही औद्योगिक निवेश के लिए भी राज्य में बेहतर अवसर उपलब्ध हैं, जिन्हें सरकार निरंतर विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के सुरम्य स्थल और आधुनिक सुविधाएं इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए उपयुक्त बनाती हैं। सरकार इस दिशा में आवश्यक आधारभूत संरचना और सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।

इस दौरान सचिव श्री नितेश झा, अपर सचिव श्री आलोक पांडे, NTT Global Data Centers के इंडिया हेड श्री निमेश कुमार, AdaniConneX के कंट्री हेड श्री कपिल चुघ, Yotta Data Services की वाइस प्रेसीडेंट सुश्री ज्योति माल्दे, Netfor Choice के फाउंडर श्री समीर यादव एवं अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Uma Shankar Kukreti