Post Views: 0
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने जारी की नई एडवायजरी, खारकीव से तुरंत निकलने का निर्देश
Russia Ukraine News: कीव पर कब्जे की जंग निर्णायक मोड़ पर आ गई है। 64 किलोमीटर लंबा रूसी सैन्य काफिला कीव के बाहर कब्जा जमाए हुए हैं। वहीं वहीं दक्षिण-पूर्व से भी एक अन्य सैन्य काफिले की बढ़ने की खबर सामने आई है। यह सब तब हो रहा है, जब पुतिन की ओर से कीव छोड़ने या फिर मरने के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी गई है।
खारकीव से तुरंत निकलें भारतीय
नागरिक: एडवायजरी
यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने खारकीव में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए तत्काल एडवायजरी जारी की है। इसमें खारकीव से तुरंत निकलने के लिए और पिसोशिन, बेज्ल्युदोवका और बाबये की ओर जल्द से जल्द बढ़ने के लिए कहा गया है। एडवायजरी के अनुसार नागरिकों को आज शाम छह बजे (यूक्रेन के समयानुसार) इन स्थानों पर हर हालत में पहुंचना होगा।
यूक्रेन में भारतीय छात्र नहीं समझ पाए स्थिति की गंभीरता: फडणवीस
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि रूस की ओर से हमला किए जाने से पहले भारत सरकार की ओर से निकासी एडवायजरी जारी करने के बाद भी यूक्रेन में भारतीय छात्रों ने स्थिति की गंभीरता समझने में गलती कर दी।
खारकीव में चार की मौत, नौ घायल
बुधवार की सुबह यूक्रेन के खारकीव शहर में रूस की एयर और रॉकेट स्ट्राइक में चार और लोगों की मौत हो गई और नौ घायल हो गए। स्थानीय आपातकालीन सेवाओं और मेयर इहोर तेरेखोव ने यह जानकारी दी है।
रूस पर वित्तीय प्रतिबंध नहीं लगाएगा चीन
रूस पर वित्तीय प्रतिबंध लगाने में चीन अमेरिका और यूरोपीय सरकारों के साथ शामिल नहीं होगा। चीन के बैंक नियामक ने यह एलान किया है। चीन के बैंकिंग एवं बीमा नियामक आयोग के चेयरमैन गुओ शुकिंग ने कहा है कि हम ऐसे प्रतिबंधों में शामिल नहीं होंगे और संबंधित पक्षों के साथ सामान्य आर्थिक, कारोबारी व वित्तीय आदान-प्रदान करते रहेंगे।
रूस के खिलाफ प्रतिबंधों पर भारतीय वायु सेना ने दी प्रतिक्रिया
भारतीय वायु सेना के वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर मार्शल संदीप सिंह ने रूस के खिलाफ प्रतिबंधों को लेकर कहा है कि स्थितियां अभी भी तेजी से बदल रही हैं। मुझे नहीं लगता कि इसका हमारे ऊपर कुछ खास प्रभाव पड़ेगा। भारत के संबंध दोनों देशों के साथ अच्छे रहे हैं। हम आंकलन कर रहे हैं, कुछ समस्याएं होंगी।
बुखारेस्ट में भारतीय छात्रों से मिले सिंधिया
भारत के नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया युद्ध ग्रस्त देश यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के अभियान में समन्वय के लिए रोमानिया में हैं। रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में उन्होंने हेनरी कोआंडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारतीय छात्रों से बातचीत की।
विनाशकारी होगा तीसरा विश्व युद्ध: लैवरोव
रूस के विदेश मंत्री सर्गी लैवरोव ने कहा है कि तीसरा विश्वयुद्ध परमाणु हथियारों से लड़ा जाएगा और विनाशकारी होगा। रूसी मीडिया स्पुतनिक ने यह खबर दी है। लैवरोव ने यह भी कहा कि रूस की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए पश्चिमी देशों ने जो प्रतिबंध लगाए हैं उनसे निपटने के लिए मास्को को सख्त, सोची-विचारी और स्पष्ट प्रतिक्रिया देने की जरूरत है।
भारतीय छात्र की मौत की जांच करेगा रूस
भारत में रूस के नामित राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा है कि रूस यूक्रेन के खारकीव में 21 वर्षीय भारतीय छात्र की मौत की जांच करेगा।
स्लोवाकिया के कोसिसे पहुंचे केंद्री मंत्री रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू यूक्रेन से भारतीय नागरिकों को निकाले जा रहे अभियान ऑपरेशन गंगा में समन्वय के लिए स्लोवाकिया के कोसिसे पहुंच गए हैं। रिजिजू यहां स्पाइसजेट के विमान से पहुंचे हैं।