मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ‘फ्री सखी कैब सुविधा’ जनमानस को समर्पित
जिला प्रशासन देहरादून | दिनांक: 15 अक्टूबर 2025
2 ईवी वाहन से सेवा प्रारंभ, 6 अतिरिक्त वाहन शीघ्र; आरएफपी अपलोड
देहरादून। शहर में सुगम एवं सुरक्षित यातायात प्रबंधन की दिशा में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा चलाए जा रहे “प्रोजेक्ट ऑटोमेटेड पार्किंग” के अंतर्गत आज ‘‘फ्री सखी कैब सुविधा’’ का शुभारंभ किया गया। परेड ग्राउंड से 02 नई ईवी सखी शटल वाहन को मा० विधायक श्री खजानदास, मा० महापौर श्री सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी श्री सविन बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अब परेड ग्राउंड ऑटोमेटेड पार्किंग में वाहन पार्क करने वाले नागरिकों को 5 किमी की परिधि में निःशुल्क ड्रॉप एवं पिकअप सुविधा उपलब्ध होगी। यह सेवा महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित होगी। वर्तमान में कृष्णा स्वयं सहायता समूह, विकासनगर द्वारा पार्किंग संचालन किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन लगभग ₹29,120 की आय हो रही है, जो निरंतर बढ़ रही है।

जिलाधिकारी श्री सविन बंसल ने बताया कि मा० मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में निर्मित यह पार्किंग परियोजना पारंपरिक पार्किंग से तीन गुना सस्ती और शीघ्र निर्माण योग्य है। पार्किंग उपयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘‘फ्री सखी कैब’’ सुविधा प्रारंभ की गई है, जिससे नागरिक आसानी से बाजार एवं कार्यालय क्षेत्रों तक पहुँच सकेंगे। शीघ्र ही 6 अतिरिक्त ईवी वाहन भी लगाए जाएंगे, जिनका संचालन PPP मोड पर किया जाएगा।
शटल वाहनों के लिए 5 प्रमुख स्टॉप चिन्हित किए गए हैं –
परेड ग्राउंड, गांधी पार्क, पल्टन बाजार, घंटाघर, राजपुर रोड (कांग्रेस भवन, क्रॉसरोड मॉल, एस्लेहॉल ग्लोब चौक) तथा सचिवालय मार्ग।
साथ ही, घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क, एस्लेहॉल, तिब्बती मार्केट मार्ग पर अब सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग पर कड़ी कार्यवाही होगी। इसके लिए एक डेडिकेटेड क्रेन तैनात की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा तीन नई ऑटोमेटेड पार्किंग सुविधाएँ —
परेड ग्राउंड (111 वाहन क्षमता), तिब्बती मार्केट (132 वाहन क्षमता) तथा कोरोनेशन (18 वाहन क्षमता)
— विकसित की गई हैं, जिन्हें शीघ्र ही मा० मुख्यमंत्री द्वारा जनता को समर्पित किया जाएगा।
इस पहल से जहाँ शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या का समाधान होगा, वहीं महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भरता की दिशा में सशक्त अवसर भी मिलेंगे।
उपस्थित अधिकारीगण:
मा० महापौर श्री सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी श्री सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर श्री प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रत्युष सिंह, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री लोकजीत सिंह, डीआरडीए निदेशक श्री विक्रम सिंह, डीटीओ श्री दीपक सैनी, जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार तथा कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।
