चमोली विकास खण्ड नन्दानगर के ग्राम खुनाणा के केसर सिंह पर किया भालू ने हमला
चमोली : नंदानगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुनाणा में गुरुवार को हुए एक गंभीर वन्यजीव हमले के बावजूद प्रशासनिक तत्परता और ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
ग्राम एवं पोस्ट खुनाना, पटवारी क्षेत्र मानखी, तहसील नंदानगर, जनपद चमोली निवासी केसर सिंह (पुत्र श्री आनंद सिंह), उम्र लगभग 39 वर्ष पर दिन में लगभग 1:00 बजे भालू ने हमला कर दिया।
यह घटना ग्राम खुनाना स्थित जूनियर हाई स्कूल से करीब 100 मीटर की दूरी पर घटित हुई। हमले में श्री केसर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मानवता और साहस का परिचय देते हुए घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर पहुंचाया,
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया।घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर त्वरित प्रशासनिक समन्वय स्थापित करते हुए घायल को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस घटना में जहां एक ओर वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही,
जिससे घायल व्यक्ति को समय रहते बेहतर इलाज मिल सका।
ग्रामीणों द्वारा वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की गई है।
प्रशासन और वन विभाग ने भी भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर नंदानंगर की ब्लाक प्रमुख हेमा नेगी ने कहा, कि क्षेत्राधिकारी को क्षेत्र में भालू पकड़ने के पिंजरे लगानी की मांग की है ,
और क्षेत्र में लोगों से आग्रह भी किया अपने घर खेतों रास्तों में झाड़ियों को काटने को कहा है तथा कहीं भी जंगलों में अकेले ना जाने को कहा है
