नववर्ष पर सख्त प्रवर्तन: देहरादून संभाग में 1471 वाहनों के चालान,
118 वाहन सीज नशे में वाहन चलाने पर 58 चालक गिरफ्तार, लाइसेंस होंगे 6 माह के लिए निलंबित
देहरादून।
नववर्ष के अवसर पर उत्तराखंड में पर्यटकों की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा देहरादून संभाग में विशेष प्रवर्तन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 30 दिसंबर 2025 से 01 जनवरी 2026 तक दिन-रात संचालित किया गया।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी एवं उत्तरकाशी जनपदों में की गई कार्रवाई के तहत कुल 1471 वाहनों के चालान किए गए तथा 118 वाहनों को सीज किया गया।
अभियान के दौरान ओवर स्पीडिंग के 357 मामले दर्ज किए गए, जबकि नशे का सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने पर 58 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए। डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित किए जाएंगे।
41 प्रवर्तन दल रहे तैनात
विशेष चेकिंग अभियान के लिए देहरादून जनपद में 21 एवं हरिद्वार जनपद में 18 सहित कुल 41 प्रवर्तन दल तैनात किए गए थे, जिनमें लगभग 150 प्रवर्तन अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी ने स्वयं भी भाग लिया।
चालान व राजस्व वसूली में बढ़ोतरी
वित्तीय वर्ष 2024-25 में नवंबर तक देहरादून संभाग में 75,921 चालान, 4595 वाहन बंद कर 13.99 करोड़ रुपये प्रशासन शुल्क वसूला गया था। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक 1,01,004 चालान, 6463 वाहन बंद कर 15.96 करोड़ रुपये प्रशासन शुल्क की वसूली की जा चुकी है।
जनपदवार आंकड़ों के अनुसार देहरादून में सर्वाधिक 49,220 चालान, जबकि हरिद्वार में 44,836 चालान किए गए। हरिद्वार जनपद में 7.79 करोड़ रुपये प्रशासन शुल्क वसूला गया।
दुर्घटनाओं में आई कमी
प्रवर्तन कार्रवाई के परिणामस्वरूप देहरादून एवं हरिद्वार जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है, जबकि टिहरी एवं उत्तरकाशी में अन्य जनपदों की तुलना में कम दुर्घटनाएँ हुई हैं।

