खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता से मुलाकात कर समस्याओं के त्वरित निवारण के निर्देश दिए
खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को खटीमा पहुंचे और लोहियाहेड हेलीपैड व कैंप कार्यालय में जनता व जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और कहा कि जन समस्याएं सरकार की प्राथमिकता हैं, इसलिए उनका त्वरित निवारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यकतानुसार समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विकास और जनता की सुविधा के लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय रहेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो सतीश भट्ट, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी समेत अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद थी।
