एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई: ऋषिकेश में स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर किए गए अवैध व्यावसायिक निर्माण पर लगी सील
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए)
देहरादून/ऋषिकेश | 25 जून 2026
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को ऋषिकेश क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे एक बड़े व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन पर भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए के अनुसार, उपेन्द्र कुमार द्वारा रूद्र ऑटोमोबाइल, निकट भरत विहार, मेन हरिद्वार रोड, ऋषिकेश स्थित भवन का निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया जा रहा था। निरीक्षण में पाया गया कि निर्माण कार्य में स्वीकृत नक्शे से विचलन के साथ-साथ अनिवार्य सेटबैक क्षेत्र का भी अतिक्रमण किया गया, जो भवन निर्माण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
प्राधिकरण ने बताया कि संबंधित पक्ष को पूर्व में निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आवश्यक संशोधन नहीं किए जाने पर नियमानुसार भवन को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन टीम, अभियंताओं एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न की गई।
एमडीडीए ने बताया कि देहरादून, ऋषिकेश एवं प्राधिकरण क्षेत्र के अन्य स्थानों पर अवैध प्लाटिंग, बिना अनुमति के व्यावसायिक निर्माण तथा स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जा रहे निर्माण कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सुनियोजित, सुरक्षित और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत मानचित्र से हटकर निर्माण तथा सेटबैक का उल्लंघन न केवल भवन निर्माण नियमों के विपरीत है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर के संतुलित विकास को भी प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं भवन स्वामियों से अपील की कि किसी भी निर्माण कार्य से पूर्व स्वीकृत मानचित्र एवं निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन करें।
सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। जहां कहीं भी स्वीकृत मानचित्र से विचलन, सेटबैक का अतिक्रमण अथवा अन्य निर्माण नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सीलिंग सहित अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से नियमों का पालन कर अनावश्यक कार्रवाई से बचने की अपील की।
