देहरादून

मसूरी विधानसभा से डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने पेश की दावेदारी, कहा— क्षेत्र को अब तक नहीं मिली महिला विधायक

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मसूरी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी मजबूती से पेश करते हुए कहा कि आज़ादी के बाद से अब तक मसूरी विधानसभा को एक भी महिला विधायक नहीं मिली है। उनका कहना है कि अब समय आ गया है कि महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिले और क्षेत्र नई सोच एवं नई ऊर्जा के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़े।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. सुनीता बौड़ाई विद्यार्थी ने कहा कि वह लंबे समय से जनसेवा, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी नेतृत्व और क्षेत्र की जनता उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि मसूरी विधानसभा की जनता विकास, पारदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व चाहती है। यदि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाती है और जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वह क्षेत्र के समग्र विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी।


डॉ. बौड़ाई ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। मसूरी विधानसभा से पहली महिला विधायक का चुना जाना क्षेत्र के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम साबित होगा।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण, सुशासन और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है तथा जनता का विश्वास ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। अंत में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं मसूरी विधानसभा की जनता से सहयोग और आशीर्वाद की अपील की।

Uma Shankar Kukreti