Uttarakhand

महापौर ने एलायंस कॉलोनी में सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास

रूद्रपुर। महापौर विकास शर्मा ने बुधवार को वार्ड नंबर 31 स्थित एलायंस कॉलोनी में सी और डी ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क एवं पार्क के चारों ओर इंडरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर ने विधिवत नारियल फोड़कर किया। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और मिष्ठान वितरण कर हर्ष व्यक्त किया।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मात्र सात माह के कार्यकाल में नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से शहर में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू होने जा रहे हैं। महापौर ने कहा कि नैनीताल हाईवे पर लंबे समय से लग रहे जाम से राहत दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है, जबकि काशीपुर बाइपास का चौड़ीकरण त्यौहारों के बाद प्रारंभ होगा।महापौर ने जानकारी दी कि त्योहारी सीजन से पहले यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों और आमजन को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर की तर्ज पर रूद्रपुर में आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लागू करने की योजना पर तेजी से कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी में सुधार होगा।इसके अलावा महापौर ने नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक सरल एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए जोनल कार्यालय खोलने की योजना की जानकारी दी। वर्तमान में दो जोनल कार्यालय क्रियाशील हैं, जबकि दो नए कार्यालय जल्द ही शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे आमजन को छोटे-छोटे कार्यों और शिकायतों के लिए मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।महापौर विकास शर्मा ने विश्वास जताया कि नगर निगम की हर योजना और प्रयास जनहित को समर्पित है और रुद्रपुर को एक मॉडल सिटी बनाने के लिए उनकी कोशिशें निरंतर जारी रहेंगी।इस अवसर पर राकेश नागपाल, राजकुमार चौधरी, राजेश बलदेव मुंजाल, जोगिंदर सिंह, मनु खुराना, गुरदीप सिंह, शक्ति बठला, चरण दास बठला, डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, एस.के. अरोरा, परमजीत सिंह, सतीश खुग्गर, अजय अग्रवाल, महेंद्र गोयल, सार्थक गोयल, रमेश ढींगरा, गुरमीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Shubham Mishra