भाजपा सरकार के खिलाफ महानगर कांग्रेस का प्रदर्शन, ऐश्लेहॉल चौक पर फूंका पुतला
देहरादून, 12 अगस्त। सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून ने बुधवार को ऐश्लेहॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नैनीताल पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह रोका और परेशान किया गया।
डॉ. गोगी ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम में शांतिपूर्ण ढंग से शामिल होना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोध की आवाज को दबाने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए कथित तौर पर “अराजक तत्व” शब्द के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हैं और उन्हें इस तरह संबोधित करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। सरकारी तंत्र के माध्यम से कांग्रेस के कार्यक्रमों में बाधा डालने के प्रयासों का पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करेगी।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष राजेश पुंढ़ीर, ललित बद्री, अर्जुन पासी, राजीव प्रजापति, सरिता बिष्ट, संजय उनियाल, अभिनव थापर, वीरेंद्र पंवार, दीपक मधवाल, अभिषेक तिवारी, सुनील पक्का जायसवाल, अनूप कपूर, अरुण शर्मा, अल्ताफ, संजय भारती, राम किशन यादव, विजेंद्र चौहान, सुनील बांगा, राहुल तलवार, सुनील, कुलदीप नरूला, विशाल, सावित्री थापा, मंजू चौहान, मिथलेश, रंजना देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
