DIPRदेहरादून

गर्व, उत्साह और उमंग के साथ मनेगा आजादी का महापर्व

परेड ग्राउंड में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

देहरादून, 12 अगस्त 2026। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे। समारोह को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर समारोह स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल समेत सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को माइक्रो प्लानिंग के तहत आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम तथा समारोह के लाइव प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

पुलिस, अर्धसैनिक बल और एनसीसी की टुकड़ियां देंगी सलामी

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस और विभागीय अधिकारियों को सम्मानित करेंगे।

जिलाधिकारी ने पुलिस परेड एवं सलामी कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।

14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पूर्व 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन पीड़ितों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं नगर निगम परिसर में शाम को विशेष कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यक्रमों की तैयारियां भी समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, पीडी विक्रम सिंह सहित लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Photo gallery