ऋषिकेश 30 मई 2023। क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ केंद्र की मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सेवा के नौ साल कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान मोदी सरकार के कामकाज की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें आमजन के बीच लेकर जाने का आवाहन किया गया।
बैराज रोड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में यह 09 साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए उनके नेतृत्व में योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पटल पर अलग पहचान बनी है। विदेश यात्राओं में जिस तरह उनका सम्मान होता है, यह हर एक भारतीय का सम्मान है। आज पूरी दुनिया भारत को नई आशाओं के रूप में देख रही है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। उनके मार्गदर्शन में पिछले 09 सालों में उत्तराखण्ड में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि भारत माला परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल कनेक्टिविटी, शिक्षा, चिकित्सा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी के क्षेत्र में राज्य में तेजी से कार्य हुए हैं। केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य पर तेजी से कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के तहत कार्य प्रगति पर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपना हर क्षण देश सेवा के लिए समर्पित किया है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में सरकार का पूरा ध्यान विकास के नवरत्नों पर है। उन्होंने बताया कि इसमें पहला रत्न- केदारनाथ व बद्रीनाथ धाम में 1300 करोड़ रुपए से पुनर्निर्माण का कार्य, दूसरा रत्न- ढाई हजार करोड़ रुपए की लागत से गौरीकुण्ड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुण्ट साहिब रोपवे का कार्य, तीसरा रत्न- कुमायूं के पौराणिक मंदिरों को भव्य बनाने के लिये मानसखण्ड मंदिर माला मिशन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके तहत पहले चरण में 16 मन्दिरों को शामिल किया गया है। चौथा रत्न- पूरे राज्य में होम स्टे को तेजी से बढ़ावा दिया जाना। पांचवा रत्न- राज्य में 16 ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन का विकास, छठा रत्न- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार, उधमसिंह नगर में एम्स का सेटलाइट सेंटर भी बनाया जा रहा है। सातवां रत्न- करीब 2 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली टिहरी लेक डेवलपमेंट परियोजना के कार्य किये जा रहे हैं। आठवां रत्न- ऋषिकेश-हरिद्वार का एडवेंचर टूरिज्म और योग की राजधानी के रूप में विकास किया जा रहा है और नौवा रत्न- टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन इस पर भी जल्द काम शुरू हो जाएगा।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने गरीबों की सेवा, वंचितों का सम्मान, नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी इन्फ्रास्ट्रक्चर, तकनीकि के विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य अनेक क्षेत्रों में सराहनीय कार्य किये।
डा. अग्रवाल ने बताया कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 11.88 करोड़ लोगों को नल से जल, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11.72 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया गया और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया। देश में 48.27 करोड़ जन-धन खाते खोले गये, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 03 करोड़ से अधिक आवास दिये गये। देश में 37 करोड़ आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट बने हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से 11 करोड़ से अधिक किसानों को 6000 रूपये सालाना दिये जा रहे हैं। सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोविड काल में भारत ने दो स्वदेशी वैक्सीन बनाई, इससे भारतवासियों के अलावा अन्य देशों की मदद भी की गई। सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी का देश में तेजी से विस्तार हुआ। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य हुए।
डा. अग्रवाल ने कहा कि भारत को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता करने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री के विस्तृत विजन की वजह से जी-20 की बैठकें देश के कोने-कोने में हो रही हैं। भारत की अर्थव्यवस्था पहले 11वें स्थान पर थी, जो प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व की वजह से पांचवें स्थान की अर्थव्यवस्था बन गयी है।
डा. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, आज अभूतपूर्व रूप से भारत का सांस्कृतिक उत्थान हो रहा है। सनातन संस्कृति का परचम विश्व में लहरा रहा है और हमारी आस्था के केन्द्रों का इतिहास और महत्व उसी गौरव के साथ प्रदर्शित किया जा रहा है, जिसके साथ इसे किया जाना चाहिए था।
इस मौके पर मण्डल अध्यक्ष ऋषिकेश भाजपा सुमित पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजेश शर्मा, कृष्ण कुमार सिंघल, कमला नेगी, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कविता शाह, वरिष्ठ भाजपा नेत्री पुष्पा ध्यानी, मण्डल अध्यक्ष श्यामपुर दिनेश पयाल, मण्डल अध्यक्ष रायवाला शिवानी भट्ट, प्रधान संगठन के अध्यक्ष सोबन सिंह कैंतुरा, प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष माधवी गुप्ता, निर्मला उनियाल, सोनी रावत, समा पंवार, युवा मोर्चा अध्यक्ष जगावर सिंह, निखिल बर्थवाल, वरिष्ठ पार्षद शिव कुमार गौतम, वीरेंद्र रमोला, समाजसेवी मानवेन्द्र कंडारी, दीपक जुगरान, रूपेश गुप्ता सहित सेकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।