Uttarakhand

भूरारानी में भव्य निशान यात्रा: विधायक शिव अरोड़ा ने भाग लेकर जताई श्रद्धा

रुद्रपुर। श्री श्याम मित्र मंडल, भूरारानी के तत्वाधान में आयोजित चौथी श्री खाटू श्याम निशान यात्रा एवं दरबार में रुद्रपुर के विधायक शिव अरोड़ा भी शामिल हुए। गल्ला मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर से शुरू हुई निशान यात्रा मुख्य बाजारों के प्रमुख मार्गों से होते हुए भूरारानी के दरबार स्थल पर पहुंची, जिसका दृश्य भक्तिमय उमंग से रंगा रहा।

निशान यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने खाटू नरेश के निशान हाथों में उठाकर भजनों व ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाच-गाकर रुद्रपुर में अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि श्री श्याम मित्र मंडल लगातार चौथी बार भूरारानी में भव्य खाटू श्याम दरबार का आयोजन कर रहा है, जो यहां के लोगों की गहरी आस्था और परंपरा का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर में समय-समय पर ऐसे दरबार आयोजित होते रहते हैं और खाटू श्याम महाराज के प्रति लोगों की श्रद्धा निरंतर बढ़ती जा रही है।

विधायक ने यह भी कहा कि वे कई वर्षों से भूरारानी क्षेत्र के खाटू श्याम दरबारों में भाग लेते आ रहे हैं और ऐसे आयोजनों से सामाजिक सौहार्द्र व सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता भारतभूषण चुघ, मोहन खेड़ा, प्रधान मंदीप वर्मा, संदीप राव, कमेश कुमार, कपिल कालरा, दीपक गिरि और प्रदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे और भक्तों के साथ यात्रा में शामिल होकर वातावरण को श्रद्धालु बनाये रखा।

निशान यात्रा के बाद भूरारानी दरबार में धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर प्रसाद ग्रहण और पूजा-अर्चना में भागीदारी की। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी स्थानीय सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा ताकि समुदाय में समरसता और परंपरागत श्रद्धा जीवित रहे।

Shubham Mishra