Uttarakhand

विधायक शिव अरोरा की सौगात: मोदी मैदान में बनेगा आधुनिक खेल स्टेडियम

रुद्रपुर। रुद्रपुरवासियों के लिए नये साल की बड़ी सौगात लेकर आए हैं विधायक शिव अरोरा। लंबे समय से प्रतीक्षित मोदी मैदान स्टेडियम निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। जनवरी माह में इसके पहले चरण के निर्माण कार्य का टेंडर जारी किया जाएगा। बुधवार को विधायक शिव अरोरा ने जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्टेडियम की डिज़ाइन और निर्माण प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि मोदी मैदान में इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह वही सपना है, जो उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान रुद्रपुर के युवाओं के लिए “अपना खेल मैदान” देने के संकल्प के रूप में लिया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया था।उन्होंने बताया कि मई 2024 में तत्कालीन जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने मोदी मैदान की लगभग 20 एकड़ भूमि जिला विकास प्राधिकरण को औपचारिक रूप से हस्तांतरित की थी।

इसके बाद से प्राधिकरण स्तर से लेकर देहरादून तक परियोजना को आगे बढ़ाने की निरंतर प्रक्रिया जारी रही।विधायक अरोरा ने कहा कि अब सारी औपचारिकताएँ पूरी हो चुकी हैं और जनवरी माह में प्रथम चरण का टेंडर जारी होगा। पहले चरण में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार, साइकिल ट्रैक, ओपन एम्फीथिएटर, बच्चों के खेल क्षेत्र, मैदान का सौंदर्यीकरण और लगभग 500 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।

दूसरे चरण में दर्शक दीर्घा तथा वॉलीबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसी खेल गतिविधियों के लिए ज़ोनवाइज ब्लॉक बनाए जाएंगे।उन्होंने कहा कि रुद्रपुर के युवाओं के लिए यह सिर्फ़ एक घोषणा नहीं, बल्कि धरातल पर उतरने वाला वास्तविक विकास कार्य है। विधायक अरोरा ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी विकासोन्मुख सोच के चलते रुद्रपुर में एक के बाद एक योजनाएँ साकार हो रही हैं।वहीं, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयकिशन ने बताया कि स्टेडियम के पहले चरण की डीपीआर और डिज़ाइन तैयार कर ली गई है। जनवरी में टेंडर जारी किया जाएगा। परियोजना का निर्माण चरणबद्ध रूप से किया जाएगा और खेल गतिविधियों के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टेडियम की देखरेख की ज़िम्मेदारी स्वयं प्राधिकरण की होगी।बैठक में प्राधिकरण उपाध्यक्ष जयकिशन, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नरेंद्र नवानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Shubham Mishra