देहरादून : देश की व्यवसायिक राजधानी मुंबई में,उत्तराखंड की एक वृद्ध महिला का सड़कों में दयनीय स्थिति में जीवन यापन करने का वीडियो का संज्ञान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लिया है और उत्तराखंड पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर पुलिस टीम मुंबई पहुंच चुकी है।सीएम ने कहा है कि टीम महिला को जल्द वापस लाएगी। यदि महिला के परिवार वाले उनकी देखभाल में असमर्थता जताते हैं, तो महिला को अल्मोड़ा के नारी निकेतन में सम्मानपूर्वक रखा जायेगा।
सड़क पर घूम रही बुजुर्ग महिला खुद को अल्मोड़ा निवासी बता रही हैं, जो कुमाऊंनी में बात करते हुए अपने भाई एवं अन्य रिश्तेदारों के नाम ले रही हैं। महिला का कहना है कि उसका बेटा और बेटी भी अल्मोड़ा में रहते हैं। पुलिस की ओर से की गई पड़ताल में पता चला कि महिला का नाम हेमा देवी ग्राम कोटियाल तहसील भिकियासैंण अल्मोड़ा है। बताया गया कि महिला पांच से छह महीने से लापता हैं, जिसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं है।
वृद्ध महिला का वीडियो बनाने वाले व्यक्ति से संपर्क हुआ है। सीएम ने कहा कि टीम महिला को जल्द वापस लाएगी।