देहरादून

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने विधवा शांति राणा को दिया संबल, कर्ज से मिली मुक्ति

देहरादून, 03 फरवरी 2026 
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए आर्थिक संकट से जूझ रही विधवा शांति राणा को बड़ी राहत प्रदान की है। जिला प्रशासन द्वारा सीएसआर फंड के माध्यम से शांति राणा के बैंक खाते में 4 लाख रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई है, जिससे उनका ई-रिक्शा ऋण पूर्ण रूप से समाप्त हो गया है।


इसके साथ ही उनकी 8वीं कक्षा में अध्ययनरत पुत्री अंशिका की शिक्षा सुनिश्चित करते हुए कक्षा 12वीं तक की कुल 1.62 लाख रुपये की फीस एकमुश्त संबंधित स्कूल प्रबंधन के खाते में जमा कराई गई है। इस सहायता से माँ और बच्चों को भविष्य की बड़ी चिंता से मुक्त किया गया है।


बताया गया कि शांति राणा ने नवम्बर माह में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सविन बंसल के समक्ष अपनी व्यथा रखी थी। उन्होंने बताया कि उनके पति मनबहादुर ने परिवार की आजीविका के लिए ई-रिक्शा खरीदने हेतु 3,72,600 रुपये का बैंक ऋण लिया था, लेकिन एक सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद तीन बच्चों—12 वर्षीय पुत्री अंशिका, 5 वर्षीय पुत्र अक्षय तथा एक किशोर पुत्र—की जिम्मेदारी अकेले शांति राणा पर आ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित जांच के निर्देश दिए, जिसके उपरांत सीएसआर फंड से सहायता स्वीकृत की गई। साथ ही शांति राणा को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा लाभों एवं अन्य सहायता कार्यक्रमों से भी आच्छादित किया जाए, ताकि परिवार को स्थायी आजीविका का सहारा मिल सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और ऐसे संवेदनशील मामलों में हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Uma Shankar Kukreti