पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार: जिलाधिकारी ने दी 31 दिसंबर तक ध्वस्तीकरण पूरी करने की चेतावनी
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना की प्रगति समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश की महत्वपूर्ण परियोजना है, जो कुमाऊं की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विस्तारीकरण की जद में आने वाले विभागीय भवनों का ध्वस्तीकरण हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा किया जाए, अन्यथा 1 जनवरी से बुलडोजर चलाया जाएगा।
उन्होंने निर्माणाधीन पंतनगर थाना भवन का कार्य शीघ्र पूर्ण करने, पेड़ों के कटान व बाउंड्री वॉल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम रुद्रपुर को विद्युत, वन, एनएचएआई और एयरपोर्ट अथॉरिटी की संयुक्त टीम बनाकर प्रगति रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए।बैठक में अनुपस्थित रहे पंतनगर विश्वविद्यालय के डीन बी.एस. चलाल और वित्त नियंत्रक आभा गर्खाल का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के सभी चरण तय समय पर पूरे किए जाएं। बैठक में सीडीओ दिवेश शाशनी, डीएफओ यू.सी. तिवारी, एडीएम कौस्तुभ मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
